कोटा में आज सुबह 4500 से अधिक लोगों ने एक साथ दौड़ लगाई और सेहत व शिक्षा का संदेश दिया। इसमें छोटे बच्चों से लेकर 75 साल के बुजुर्ग तक ने एक साथ दौड़ लगाई। यंग इंडियंस कोटा चैप्टर और रियल टेंपल्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में यंगथॉन का आयोजन किया गया। जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और सरकारी स्कूलों में बेंच वितरण के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन को रेडक्रॉस के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला, उपमहापौर विवेक राजवंशी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता लोकेन्द्र राजावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन तथा शिक्षाविद् राजेश माहेश्वरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब समाज का हर वर्ग शिक्षा और सेहत के लिए एक साथ सड़क पर उतरता है, तो एक नए और सशक्त भारत का निर्माण होता है। उम्मेद क्लब पहुंचने के साथ ही प्रतिभागी जुम्बा की ऊर्जावान धुनों पर थिरकते हुए वार्मअप करने लगे। इसके बाद 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ के लिए प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाई। दौड़ का मार्ग उम्मेद क्लब से शुरू होकर अग्रसेन चौराहा, लक्की बुर्ज, गीता भवन, ज्वाला तोप चौराहा और सेवन वंडर्स पार्क के सामने से होते हुए किशोरपुरा तालाब तक निर्धारित किया गया था।