कोटा जिला परिषद व पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन का आज अंतिम दिन था। दोपहर 3 बजे तक नामांकन भरे गए। पहले चरण का नॉमिनेशन खत्म होने के बाद भी कांग्रेस-बीजेपी ने आधिकारिक सूची जारी नहीं की। अंतिम समय में भाजपा प्रत्याशी देहात जिला अध्यक्ष के साथ बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी गाड़ियों के काफिले के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचे। प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ के चलते कलेक्ट्रेट में चुनावी हलचल देखने को मिली। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशियों ने अलग-अलग खेमों के साथ आकर नॉमिनेशन भरा बाद में कांग्रेसी नेता सिंबल जमा करने कलेक्ट्रेट पहुंचे। भाजपा विधायक कल्पना देवी ने कहा जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य के सिंबल जमा करने पहुंचे हैं। हम सब मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। इस बार भी हम भारी बहुमत से जीतकर जिला प्रमुख भी बनाएंगे। प्रधान भी बनाएंगे। इस एरिया को कांग्रेस मुक्त करके रहेंगे। टिकट नहीं मिलने पर सुल्तानपुर से कांग्रेस के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष रहे हेमंत झाला नाराज हो गए कांग्रेस देहात अध्यक्ष और पीपल्दा विधायक पर आरोप लगाए झाला जिला परिषद के वार्ड 23 से दावेदारी जता रहे हैं। लाडपुरा पंचायत समिति में आने वाले जिला परिषद के चार वार्डो में कांग्रेस प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन किया। कांग्रेस नेता व नगर निगम वार्ड पार्षद आईना महक के साथ चारों प्रत्याशी नामांकन भरने कलेक्ट्रेट पहुंचे। रामगंजमंडी विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे महेंद्र राजोरिया की अगुवाई में 6 प्रत्याशी नॉमिनेशन भरने कलेक्ट्रेट पहुंचे। राजोरिया ने कहा कि इस बार कांग्रेस मजबूती व प्लानिंग के साथ चुनाव लड़ रही हैं। वार्ड 12 से कांग्रेस प्रत्याशी नीरज अपने एक साल के बेटे को गोद में लेकर नामांकन दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंचीं। सोमवार को कुल 28 फॉर्म भरे गए सोमवार को कुल 28 नामांकन भरे गए। इनमें रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति लाडपुरा के 3 वार्ड व जिला परिषद के 7 वार्डो से भाजपा से दावेदारों ने नॉमिनेशन किया। सर्किट हाउस में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन तैयार करवाए। मंत्री हीरालाल नागर के विधानसभा क्षेत्र सांगोद से 6 उम्मीदवारों ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में जिला परिषद मेंबर का नॉमिनेशन भरा। इन्ही लोगों को टिकट मिलना तय हैं। पहले चरण में लाडपुरा, सांगोद, सुल्तानपुर व इटावा पंचायत समिति में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य के लिए 22 अक्टूबर को वोटिंग होगी। जबकि पंच/सरपंच के लिए 24 अक्टूबर को मतदान होगा। पहले चरण में 4 पंचायत समितियां में 19 जिला परिषद सदस्य, 84 पंचायत समिति सदस्य, 163 सरपंच व 1441 वार्ड पंचों के लिए वोट डाले जाएंगे। नामांकन के लिए 3 जगह व्यवस्था जिला परिषद के वार्ड संख्या 1 से 7 तक के आवेदन कलक्ट्रेट के कक्ष संख्या 2 में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग रवि वर्मा को प्रस्तुत किए जा सकेंगे। वार्ड 8 से 15 तक के आवेदन कलक्ट्रेट कक्ष-6 में एडीएम विनोद कुमार मल्होत्रा को प्रस्तुत किए जा सकेंगे। वार्ड 16 से से 25 तक के प्रत्याशी नामांकन सहायक कलेक्टर मालविका त्यागी को कलक्ट्रेट परिसर स्थित एसीईएम कक्षा-5 में प्रस्तुत किए जा सकेंगे। पहले चरण में नाम वापसी की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक रहेगी।नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्न का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए प्रथम चरण का मतदान के लिए मतदान दलों की रवानगी 21 अक्टूबर को होगी। पिछले चुनाव तक 23 जिला परिषद वार्ड थे पिछले चुनाव तक कोटा में 23 जिला परिषद वार्ड थे। अब 25 जिला परिषद वार्ड में चुनाव हो रहे हैं। पिछले चुनाव तक कोटा में 5 पंचायत समितियां के कुल 91 वार्डों में से बीजेपी ने 46 वार्डों में जीत हासिल की थी। जबकि कांग्रेस को 39 वार्डों में जीत मिली थी। 6 निर्दलीय चुनाव जीत कर पंचायत समिति मेंबर बने थे।अब 6 पंचायत समितियों में चुनाव है। 1 पंचायत समिति चेचट नई बनी है।