कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने सोमवार को कोटपूतली में समीक्षा बैठक की। इसमें उपखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों और लंबित मामलों की प्रगति जांची, समय पर व गुणवत्तापूर्ण काम के निर्देश दिए। कृषि विभाग के कामों में खाद की उपलब्धता, वितरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लंबित मामलों, लंपी रोग की स्थिति, पशुओं के लिए चारा-पानी और पुराने फसल बीमा क्लेम के निपटारे के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने राजस्थान संपर्क 2.0 पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की। अधिकारियों को समय पर व अच्छी क्वालिटी से निपटारा करने, मामलों को बिना वजह न लटकाने को कहा। विकसित भारत जन सेवा अभियान के शिविरों की प्रगति भी जांची गई; कलेक्टर ने अभियान तेज कर ज्यादा लोगों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए। एचपीवी वैक्सीनेशन और एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण (AQI) नियंत्रण के प्रयासों की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को मिलकर प्रदूषण नियंत्रण और आगजनी रोकने के लिए कार्रवाई करने को कहा।