कोटपूतली के लाल बहादुर शास्त्री राजकीय कॉलेज में बुधवार को नशामुक्ति पर व्याख्यान आयोजित हुआ। यह कार्यक्रम नई किरण नशा मुक्त भारत अभियान प्रकोष्ठ और राष्ट्रीय सेवा योजना ने मिलकर आयोजित किया, जिसमें युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताकर उनसे दूर रहने का संदेश दिया गया। प्राचार्य बोले- नशामुक्त भारत के लिए युवाओं की भागीदारी जरूरी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि नशामुक्त भारत बनाने के लिए युवाओं का शामिल होना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि कॉलेज के लगभग 50 छात्रों की एक टीम गांवों में जाकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक कर रही है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कोटपूतली राजकीय अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर नरेश जांगिड़ थे। उन्होंने नशे के अलग-अलग प्रकार, इसके शारीरिक और मानसिक प्रभावों और नशामुक्ति के तरीकों पर जानकारी दी। डॉक्टर जांगिड़ ने कहा कि नशा व्यक्ति की सेहत के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी एक गंभीर समस्या बन चुका है। जिला समन्वयक प्रो. अशोक सिंह ने बताया कि युवा अक्सर शौक या स्टेटस दिखाने के चक्कर में नशे की शुरुआत कर देते हैं। उन्होंने परिवारों से अपील की कि वे अपने बच्चों के व्यवहार पर नजर रखें और उन्हें सही रास्ता दिखाएं। चित्रकला प्रतियोगिता में सविता रावत रहीं अव्वल राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर एक चित्रकला प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें सविता रावत ने पहला स्थान हासिल किया। छात्र-छात्राओं ने नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर चित्र बनाकर संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन नई किरण नशा मुक्त भारत अभियान प्रकोष्ठ के संयोजक प्रो. हरिसिंह धनोटिया ने किया। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी प्रो. शुमलता यादव ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर प्रो. चंदन सिंघल, प्रो. श्रीराम मीणा, प्रो. गजराज सिंह और कई छात्र-छात्राएं मौजूद थे।