कोटपूतली में हाईवे पेट्रोलिंग में तैनात हेड कॉन्स्टेबल राजेन्द्र यादव (57) को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना अम्बाला-पनियाला हाईवे पर एक निजी पब्लिक स्कूल के सामने गुरुवार सुबह 11:30 बजे की है। ट्रैफिक इंचार्ज राजेश कुमार शर्मा ने बताया- सुबह 11:30 बजे राजेंद्र सिंह हाईवे 148 पर चेतक गाड़ी के साथ ओवरस्पीड और लेन ड्राइव सिस्टम की निगरानी कर रहे थे। उनके साथ कॉन्स्टेबल और ड्राइवर भी थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने राजेंद्र सिंह को टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत एंबुलेंस से कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही कोटपूतली-बहरोड़ एसपी सतवीर सिंह, एएसपी और टीआई समेत कई पुलिस अधिकारी व जवान अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने ट्रक जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। उसे पनियाला थाने भेजा गया है और मामले की जांच जारी है। राजेंद्र सिंह मूल रूप से बहरोड़ के महाराजावास गांव के रहने वाले थे। वे चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके चारों भाई पुलिस विभाग में तैनात थे। इनमें से एक भाई की बीमारी के चलते पहले ही मृत्यु हो चुकी है। राजेंद्र सिंह परिवार के साथ बहरोड़ झारोड़ा में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। उनका बेटा विदेश में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है, जबकि दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।