कोटपूतली नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति कमल सैनी ने पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण के मौके पर विधायक हंसराज पटेल, पूर्व मंत्री राजेंद्र यादव, उपसभापति गोपाल अग्रवाल, नगर परिषद के पार्षद, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर सभापति कमल सैनी का स्वागत किया। शहर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नियमित दौरे करेंगे सभापति पदभार ग्रहण करने के बाद सभापति कमल सैनी ने कहा कि शहर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए वे नियमित रूप से अलग-अलग इलाकों का दौरा करेंगे और स्थानीय लोगों से सीधे बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को मौके पर समझकर उनके समाधान की दिशा में काम किया जाएगा। सैनी ने बताया कि सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सड़क और पानी की निकासी जैसी नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्राथमिकता में रहेंगी। वार्डों में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना उनकी प्राथमिकता होगी। अधिकारियों और पार्षदों को भी दिए निर्देश सभापति कमल सैनी ने नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा से नियमित रूप से शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा करने और नागरिक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने नगर परिषद के पार्षदों से भी अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सामने रखने की अपील की। सभापति ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन के आपसी सहयोग से शहर के विकास को गति दी जा सकती है। विधायक हंसराज पटेल ने दी बधाई विधायक हंसराज पटेल ने सभापति कमल सैनी को पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की नई टीम के सामने शहर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पटेल ने सभी जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने और कोटपूतली के विकास को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में सुरेंद्र चौधरी, पंकज पटेल और देवायुष सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभापति कमल सैनी ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कोटपूतली नगर परिषद को बेहतर व्यवस्थाओं और विकास कार्यों के जरिए आगे ले जाने के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों का सहयोग जरूरी है।