कोटपूतली कस्बे के बानसूर रोड स्थित बड़ाबास मोहल्ले में पिछली आधी रात को एक घर से लाखों रुपए के जेवर और नकदी चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। इस संबंध में पीड़ित ने स्थानीय पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। रात में कमरे का दरवाजा खुला था, खिड़की टूटी मिली दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, बड़ाबास मोहल्ले के संजय गुर्जर ने बताया कि शुक्रवार रात को वह उठा तो उन्होंने देखा कि उनके घर के एक कमरे का दरवाजा खुला था। अंदर जाकर देखा तो पीछे की खिड़की टूटी थी और कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। एक लोहे का बक्सा गायब था। उसमें सोने के दो जोड़ी कुंडल, दो सोने की ताबीज, एक सोने की लौंग, डेढ़ किलो चांदी के गहने, 11 चांदी के सिक्के और दो लाख रुपए कैश रखे थे। बक्से को आसपास ढूंढा तो घर के पीछे खेत में वह खुला पड़ा मिला। उसमें से सारा सामान गायब था। जेवर और नकदी वहां नहीं मिले, जिन्हें अज्ञात चोर चुरा ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।