कस्बे में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बदहाल हो रही है। बार-बार पाइपलाइन टूटने और लीकेज से लोग परेशान है। ग्रामीणों का कहना है कि कस्बे में कई स्थानों पर पाइपलाइन टूटी हुई है और करीब 5-6 जगह लीकेज होने से पर्याप्त पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। विभागीय कार्मिक कई बार पाइपलाइन की मरम्मत करते हैं, लेकिन दूसरे ही दिन किसी अन्य स्थान पर पाइपलाइन टूट जाने से समस्या जस की तस बनी रहती है। ग्रामीणों के अनुसार कस्बे की आबादी करीब 15 हजार है। यहां पेयजल आपूर्ति के लिए दो टंकियां हैं, जिनमें एक जल जीवन मिशन और दूसरी जनता जल योजना की है। इन टंकियों को भरने के लिए 5 ट्यूबवेल हैं। जल जीवन मिशन के तहत बिछाई प्लास्टिक की पाइपलाइन से ही कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई की जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन ज्यादा पुरानी भी नहीं है, इसके बावजूद बार-बार टूटने और लीकेज की समस्या सामने आ रही है।