नागौर जिले के लाड़नूं स्थित जैन विश्व भारती में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के 51वें वार्षिक अधिवेशन का आयोजन किया गया। इसमें उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने शिरकत की। इस अवसर पर सामाजिक उत्थान, बालिका शिक्षा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दीया कुमारी को आचार्य तुलसी कर्तृत्व पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने परमपूज्य आचार्य महाश्रमण से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में देशभर से पहुंचीं तेरापंथ महिला मंडल की सदस्यों ने उनका स्वागत किया और स्वागत गीत प्रस्तुत किए। अधिवेशन के दौरान पूरे परिसर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में तेरापंथ समाज से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में महिला मंडल की सदस्याएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। देश के विभिन्न हिस्सों से आई महिलाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। आयोजन के दौरान सामाजिक सरोकार, महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा और जनकल्याण जैसे विषयों पर भी विशेष जोर देखने को मिला।