शहर के महावीर सर्किल से आगे खसरा संख्या 1600 और आसपास के पहाड़ी क्षेत्र में भूमाफिया एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। बेखौफ अतिक्रमणकारी पहाड़ियों को काटकर जमीन समतल कर रहे हैं ताकि यहां पक्का कब्जा किया जा सके। गौरतलब है कि इस खसरा क्षेत्र में पूर्व में भी तहसील प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की बुलडोजर कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद दोबारा हो रहे अतिक्रमण से प्रशासन की निगरानी व्यवस्था और पूर्व की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार अंधाधुंध पहाड़ियां कटने से इलाके का प्राकृतिक स्वरूप पूरी तरह बिगड़ रहा है। बाड़मेर ग्रामीण पंचायत समिति द्वारा पूर्व में यहां बनवाए गए सार्वजनिक टांके के पास भी भूमाफिया पक्का निर्माण करने की फिराक में हैं। यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो जल्द ही इस मूल्यवान सरकारी जमीन पर स्थायी अवैध कब्जा हो जाएगा।