क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर 3 जून 2027 को इतिहास रचा जाएगा। इस दिन नेपाल और बांग्लादेश की टीमें टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी। सबसे खास बात यह है कि इसी दिन लॉर्ड्स पर इंग्लैंड का घरेलू टूर्नामेंट 'टी-20 ब्लास्ट' का मैच भी खेला जाएगा।

यह पहली बार होगा जब लॉर्ड्स के मैदान पर एक ही दिन पुरुषों के इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट मैच का 'डबल-हेडर' आयोजित किया जाएगा।

नेपाल का इंग्लैंड दौरा

नेपाल की टीम के लिए यह दौरा काफी व्यस्त रहने वाला है। नेपाल सिर्फ बांग्लादेश के खिलाफ ही नहीं खेलेगी, बल्कि टीम इस इंग्लैंड दौरे पर स्कॉटलैंड और आयरलैंड के खिलाफ भी मैच खेलेगी। कुल मिलाकर नेपाल की टीम इस दौरे पर 3 देशों के खिलाफ 6 मैच खेलेगी।

17 साल बाद लॉर्ड्स लौटेगा बांग्लादेश

नेपाल के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले बांग्लादेश की टीम इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच भी खेलेगी। यह टेस्ट मैच 28 मई 2027 से लॉर्ड्स में शुरू होगा। दिलचस्प बात यह है कि बांग्लादेश की पुरुष टीम 17 साल के लंबे अंतराल के बाद इस ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट खेलने उतरेगी।

नेपाल और बांग्लादेश का आमना-सामना

नेपाल और बांग्लादेश के बीच अब तक के क्रिकेट इतिहास की बात करें तो दोनों टीमें कुल 2 बार टी-20 इंटरनेशनल मैचों में भिड़ी हैं। ये दोनों ही मुकाबले टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान खेले गए थे और दोनों ही मैचों में बांग्लादेश ने जीत हासिल की थी।