कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी नेताओं को गठबंधन के खिलाफ बयानबाजी से बचने की नसीहत दी। कहा कि गठबंधन की सरकार लानी है। मोदी-योगी को हराना है। अंदरूनी झगड़ों से जीत मुश्किल होती है। उन्होंने इमरान मसूद के जोश की तारीफ की, साथ ही गठबंधन धर्म निभाने की सलाह भी दी। कहा- हमारे इमरान मसूद हैं, रोज टीवी पर सुनता हूं, जरा जोश के साथ बात करते हैं। लेकिन हमें बातों से ज्यादा काम भी करना है। इसलिए जितना हम लोग मिलकर काम करेंगे, उतना ही आगे बढ़ेंगे। लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए खड़गे ने कहा कि हमारे अजय राय ने प्रधानमंत्री से टक्कर ली। वह थोड़े से चूक गए, नहीं तो हमारे प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नहीं रहते। वह गुजरात जाकर बैठते। खड़गे कांग्रेस के 'संविधान बचाओ मार्च' में शामिल होने लखनऊ पहुंचे थे। प्रशासन ने मार्च की अनुमति नहीं दी थी। हालांकि, खड़गे के जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला। पार्टी कार्यालय से करीब 150 मीटर आगे बढ़ने पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस ने पहले से ही थ्री लेयर बैरिकेडिंग लगा रखी थी। कई कोशिशों के बाद भी कांग्रेसी आगे नहीं बढ़ सके। उधर, पुलिस ने मार्च में शामिल प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद समेत कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सबको इको गार्डन लेकर गई। वहां धरना देकर कांग्रेसियों ने नारेबाजी की।