पुलिस अधीक्षक डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत पिंडवाड़ा पुलिस और डीएसटी टीम ने उदयपुर-पालनपुर फोरलेन पर मालेरा हाईवे पर कार्रवाई की। यहां एक कार से 175 किलो 900 ग्राम डोडा पोस्त जब्त किया गया। एसपी ने बताया कि डीएसटी टीम के सब इंस्पेक्टर लादू सिंह ने अपनी टीम के साथ मालेरा नेशनल हाईवे 27 पर नाकाबंदी की थी। जांच के दौरान एक फॉर्च्यूनर कार को रोका गया, जिसमें अलग-अलग बोरों में भरा हुआ डोडा पोस्त मिला। पुलिस ने डोडा पोस्त और कार को जब्त कर लिया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपी घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। पुलिस टीम में पिंडवाड़ा थानाधिकारी चेल सिंह, सब इंस्पेक्टर लादू सिंह, डीएसटी टीम के सब इंस्पेक्टर अमराराम और कॉन्स्टेबल वागाराम, शैतान राम, लोकेश, जितेंद्र सिंह, श्रवण कुमार शामिल थे।