प्रतापगढ़ जिले की छोटी सादड़ी पुलिस ने 2 किलो 570 ग्राम अवैध अफीम के मामले में सप्लायर और रिसीवर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर अफीम सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देश पर की गई। पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को नेशनल हाईवे-56 पर गश्त के दौरान दिनेशकुमार बेनीवाल और लक्ष्मण भादू को पकड़ा गया था। तलाशी में उनके बैग से 2 किलो 570 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच में सामने आया सप्लाई नेटवर्क मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अफीम की सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि अफीम मंदसौर निवासी भरतलाल पाटीदार ने उपलब्ध कराई थी। वहीं इसकी डिलीवरी श्रीगंगानगर निवासी केशव ठाकुर को की जानी थी। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 19 साल का रिसीवर, 58 साल का सप्लायर गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव ठाकुर (19) निवासी श्रीगंगानगर और भरतलाल पाटीदार (58) निवासी मंदसौर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।