सलूंबर-झल्लारा क्षेत्र के मातासुला स्थित प्रसिद्ध केदारेस्वर महादेव मंदिर परिसर में झल्लारा एवं मातासुला मंडल कांग्रेस की ओर से जनसभा का आयोजन किया गया। सभा में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में युवा, कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ ग्रामीण पहुंचे। इस दौरान पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस की चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर मंथन हुआ। युवाओं को टिकट में प्राथमिकता देने की मांग जनसभा में आगामी जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनाव में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जमीनी स्तर पर सक्रिय, निष्ठावान, शिक्षित और संघर्षशील युवाओं को चुनाव में प्राथमिकता दी जानी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों को गति देने पर भी चर्चा की। जिलाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना कांग्रेस जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की नीतियों के कारण युवा बेरोजगारी और किसान समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किए गए वादों के अनुरूप धरातल पर विकास कार्य नजर नहीं आ रहे हैं। मेहता ने कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों को लेकर मजबूती से आवाज उठाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। सभा को जिला सभापति नरेश जैन, रामलाल मीणा, दिनेश जैन, धनपाल, भंवर सिंह, महेंद्र सिंह, नगराज मीणा, जितेंद्र कलाल और रेशमा मीणा सहित कई नेताओं एवं संगठन पदाधिकारियों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने आगामी चुनाव में एकजुट होकर काम करने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने की बात कही।