रैगर विकास संस्थान, सवाई माधोपुर की बैठक रैगर छात्रावास सवाई माधोपुर में संस्थान के अध्यक्ष रामदयाल गुसाईवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी पंचायत चुनाव 2026 को लेकर रैगर समाज की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में समाज के लोगों से ग्राम पंचायत, पंचायत समिति एवं जिला परिषद स्तर पर चुनाव में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के लिए उपलब्ध अवसर को गंवाने के बजाय योग्य एवं सक्षम लोगों को आगे लाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक में समाज की एकजुटता और आपसी भाईचारे पर विशेष जोर दिया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चुनाव में योग्य, अनुभवी, शिक्षित एवं समझदार व्यक्तियों को समाज की ओर से सहयोग और समर्थन दिया जाएगा। साथ ही चुनाव के दौरान समाज के लोगों के बीच आपसी मेल-मिलाप, सद्भाव एवं सहयोग की भावना बनाए रखने तथा एक-दूसरे का साथ देकर सफलता के लिए प्रयास करने पर जोर दिया गया। बैठक में दीनदयाल तसीवाल, नेमराज बाकोलिया, केदारलाल ढिंढोरिया, रमेश चंद गुसाईवाल, वीरेंद्र कुमार वर्मा, गोपाल शेर, कजोड़मल गुसाईवाल, बंशीलाल वर्मा, राजेश कांवरिया, कालूराम रेगर, बरदी चंद, जुगल किशोर सेवलिया सहित रैगर समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।