दौसा जिले के मेहंदीपुर बालाजी थाना परिसर में गुरुवार को सीएलजी बैठक हुई। बैठक में कुछ दिन पहले बालाजी एरिया में हुए मर्डर का जिक्र छाया रहा। एसपी ने धर्मशाला संचालकों से कहा कि धर्मशालाओं में यात्रियों की एंट्री ऑनलाइन होनी चाहिए। साथ ही मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की पहचान संबंधी जानकारी भी ऑनलाइन दर्ज की जानी चाहिए। बैठक में एसपी पीयूष दीक्षित, सीएलजी सदस्य, व्यापार मंडल पदाधिकारी, धर्मशाला संचालक सहित क्षेत्र के प्रमुख लोग शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र की कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्थानीय समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। एसपी बोले- धर्मशाला संचालक ई-विजिटर ऐप यूज करें एसपी पीयूष दीक्षित ने कहा-धर्मशाला संचालकों को ई-विजिटर ऐप का उपयोग करना चाहिए। ताकि श्रद्धालुओं की जानकारी पुलिस तक आसानी से उपलब्ध हो सके। एसपी ने सदस्यों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। बैठक में क्षेत्र में स्मैक सहित अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते चलन को लेकर चिंता जताई गई। सीएलजी सदस्यों ने नशे के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की। वहीं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जेबतराशी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने का सुझाव दिया गया। लपका गैंग और भिक्षावृत्ति का मुद्दा बैठक में भिक्षावृत्ति, घुमंतू लोगों की गतिविधियों और कथित लपका गैंग को लेकर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग श्रद्धालुओं को जबरन कमरे दिलाने के लिए परेशान करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी का भरोसा दिलाया। पंचायत चुनाव को लेकर भी चर्चा इस दौरान एसपी पीयूष दीक्षित ने कहा कि डीजीपी के निर्देशन में पुलिस अधिकारी क्षेत्र के थानों में जाकर आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं, ताकि लोगों की परिवेदनाओं का थाना स्तर पर ही समाधान किया जा सके। सीएलजी बैठक के माध्यम से सुझाव लिए गए। एसपी ने पंचायत चुनावों को लेकर भी ग्रामीणों से चर्चा की। साथ ही नशे, यातायात व्यवस्था, भिक्षावृत्ति और लपका गैंग के संबंध में प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने आमजन से संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। बैठक में एएसपी शंकर लाल, सीओ अशोक मीना, थाना प्रभारी सचिन शर्मा, यातायात प्रभारी राजेश शर्मा सहित कमल मीना, शिवचरण योगी, विजेंद्र सीमला, महेश सहारिया, श्याम उकेरी, राजकुमार शर्मा, अशोक सिंह, गोपाल सिंह, मेघचंद मीना, पर्व उकेरी, भगवत शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।