पश्चिमी विक्षोभ के असर सोमवार को दूसरे दिन भी जिले के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की धूप के बीच घने बादल छाए रहे। रतनगढ़ में तेज हवा के साथ बारिश हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवा से फसलों को नुकसान हुआ। छापर में भी हल्की बारिश हुई। चूरू में सुबह से शाम तक धूप-छांव का मौसम बना रहा। पड़िहारा में रविवार शाम को सूंटे के साथ करीब एक घंटे तक बारिश हुई। वहीं सोमवार को भी बारिश होने से पड़िहारा सहित हरासर, आबसर आदि गांवों में फसलों को नुकसान हुआ है। सोमवार को अधिकतम तापमान 5.4 डिग्री की गिरावट के साथ 32.9 व न्यूनतम 22.5 डिग्री रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 38.3 व न्यूनतम 23.4 डिग्री रहा था। {जयपुर मौसम केंद्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मंगलवार से विक्षोभ का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। हालांकि, पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश होने तथा शेष अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।