टोंक शहर के पेट्रोल टैंकर में आग लगने और ड्राइवर की मौत के साथ टैंकर में कई लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक विभागों के अफसर मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। दरअसल, विभागों के बीच तालमेल और राहत कार्यों में तत्परता जांचने के लिए कामधेनु सर्किल पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था। सूचना मिलते ही सबसे पहले 10 मिनट में शहर कोतवाल भंवरलाल वैष्णव अपनी पुलिस टीम के साथ सबसे पहले मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की सुरक्षा व्यवस्था अपने नियंत्रण में ली और जरूरी कार्रवाई शुरू करवाई। आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। मॉकड्रिल पर लोगों ने लीं राहत की सांस कामधेनु सर्किल पर अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और यातायात डायवर्जन को देखकर आसपास में भी दहशत फैल गई। हालांकि पुलिस के जवानों से मॉक ड्रिल की जानकारी मिलने पर लोगों ने राहत की सांस लीं। इस दौरान गाड़ियों को दूसरे रास्तों से डायवर्ट किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान दो दमकल वाहन एवं एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचीं। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्यों की प्रक्रिया को प्रदर्शित किया गया। दमकल टीम द्वारा पेट्रोल टैंकर में लगी आग पर काबू पाने की कार्रवाई की गई। जबकि चिकित्सा टीम ने घायलों का उपचार किया और हॉस्पिटल भेजने की कार्रवाई की। अफसरों के बीच रहा बेहतर तालमेल मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य यह जांचना था कि यदि अचानक पेट्रोल टैंकर में आग लग जाए तो पुलिस, दमकल, चिकित्सा एवं प्रशासनिक टीमें कितनी तेजी से घटनास्थल पर पहुंचकर आपसी समन्वय के साथ राहत और बचाव कार्य शुरू कर सकती हैं। अधिकारियों ने मौके पर संसाधनों की उपलब्धता, टीमों की प्रतिक्रिया, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर पहुंचे एसपी ने कहा कि आपदा जैसी परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने थानाधिकारी भंवरलाल वैष्णव पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर तत्काल सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभालने की कार्यशैली की भी सराहना की। इनकी रही मौजूदगी मॉक ड्रिल के दौरान एसपी रोशन मीणा, जिला कलेक्टर टीना डाबी, एडीएम विनोद कुमार मीणा, एएसपी रतनलाल भार्गव, शहर कोतवाल भंवरलाल वैष्णव, पुरानी टोंक थाना अधिकारी राजेंद्र प्रसाद और सदर थाना अधिकारी अंकेश चौधरी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।