मूंडवा में नगरपालिका चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद मंगलवार शाम नव निर्वाचित पार्षद दंपती रमाकांत शर्मा और आशा शर्मा के घर के बाहर जुलूस के दौरान विवाद हो गया। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम रमाकांत शर्मा और उनकी पत्नी आशा शर्मा अपने घर पर थे। इसी दौरान एक जुलूस उनके घर के सामने से गुजरा। आरोप है कि जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने शर्मा दंपती को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं। इसके बाद घर में जबरन घुसने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया, जिससे विवाद की स्थिति बन गई। हालांकि, घटना को लेकर लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाले हालात विवाद की सूचना मिलते ही थानाधिकारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड़ को हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया। घटना के बाद रालोपा नेता सुभाष कंदोई, निर्दलीय पार्षद लक्ष्मीनारायण मुण्डेल सहित कई कार्यकर्ता शर्मा दंपती के घर पहुंचे। इसके बाद सभी मूंडवा डिप्टी कार्यालय के सामने पहुंच गए और मामले में दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। पुलिस के आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना धरने की सूचना पर डिप्टी धर्म पूनिया मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठे लोगों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्दोष लोगों को परेशान नहीं करने का भी आश्वासन दिया गया। पुलिस के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। घटना के बाद मूंडवा और कुचेरा थाने का पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। आशा शर्मा ने 200-250 लोगों के खिलाफ लगाए आरोप पार्षद आशा शर्मा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में कुछ लोगों के नाम बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने करीब 200 से 250 लोगों के साथ घर पर हमला करने, नारेबाजी करने, तोड़फोड़ करने और जबरन घर में घुसने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सांसद हनुमान बेनीवाल ने पुलिस अधिकारियों से की बात घटना को लेकर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।