सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को 2 विकेट से मात दी है। इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए इस एलीट ग्रुप-B मुकाबले में बिहार ने 225 रनों के विशाल लक्ष्य को 19.5 ओवर में हासिल कर लिया। यह जीत बिहार के लिए काफी अहम है क्योंकि टीम अपने स्टार खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के बिना मैदान पर उतरी थी, जो राइजिंग एशिया कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा बनने गए हैं।

यश ढुल की शतकीय पारी बेकार

मैच में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 224 रन का स्कोर खड़ा किया। दिल्ली के लिए यश ढुल ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों में 125 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 16 चौके और 7 छक्के शामिल थे। तेजस्वी दहिया ने भी उनका बखूबी साथ निभाते हुए 25 गेंदों में 51 रन बनाए। इन दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 126 रनों की बड़ी साझेदारी हुई। बिहार की ओर से गेंदबाजी में रघुवेंद्र प्रताप सिंह सबसे सफल रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 44 रन देकर 3 विकेट झटके।

बिहार की जबरदस्त बल्लेबाजी

225 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बिहार की शुरुआत आक्रामक रही। आयुष लोहरुका ने 22 गेंदों में 50 रन और बिपिन सौरभ ने 19 गेंदों में 49 रन बनाकर टीम को मजबूत आधार दिया। दूसरे विकेट के लिए इन दोनों ने 92 रनों की साझेदारी की। अंत में रघुवेंद्र प्रताप सिंह (25 रन), मेयंक कुमार (नाबाद 24) और प्रशांत सिंह (नाबाद 13) की उपयोगी पारियों की बदौलत बिहार ने आखिरी ओवर में रोमांचक जीत दर्ज की। रघुवेंद्र को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

बंगाल की आसान जीत

मुंबई में खेले जा रहे एलीट ग्रुप-A मुकाबले में बंगाल ने झारखंड को 7 विकेट से हरा दिया। झारखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 148 रन बनाए, जिसमें विराट सिंह ने नाबाद 45 और शिखर मोहन ने 42 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए बंगाल ने 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने नाबाद 61 रन की कप्तानी पारी खेली। बंगाल के गेंदबाजों में ऋषभ चौधरी, सायन घोष और मुकेश कुमार ने 2-2 विकेट लिए।