फॉरेस्ट रोड स्थित मंशापूर्ण बालाजी मंदिर में मंगलवार रात संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। भजन गायक कमलेश भैया राधे-राधे व मित्र मंडल की ओर से हुए आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सामूहिक सुंदरकांड पाठ किया। कार्यक्रम की शुरुआत बालाजी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद कलाकारों का तिलक लगाकर और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। मंडली ने सुंदरकांड पाठ के साथ विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियां दीं। ‘मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे’, ‘कुण जी सजाया सुंदर रूप ओजी म्हारा बालाजी महाराज’ और ‘कइया बैठ्या हो चुपचाप सांवरा’ सहित भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। तबले पर ओमप्रकाश, ऑर्गन पर हर्षित भैया राधे-राधे और ऑक्टोपैड पर अमन ने संगत दी। साउंड सिस्टम की व्यवस्था जीतू ने संभाली। कमलेश भैया राधे-राधे की मंडली पिछले 22 वर्षों से राजस्थान और मध्यप्रदेश में संगीतमय सुंदरकांड एवं भजनों की प्रस्तुतियां दे रही है। मंडली अब तक 3865 सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत कर चुकी है। रात 11 बजे महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।