नागौर में एटीएम लूटने घुसे दो बदमाशों को यूको बैंक की महिला ब्रांच मैनेजर ने शटर गिराकर अंदर ही बंद कर दिया। आरोपी गैस कटर समेत अन्य औजारों के साथ एटीएम लूटने के लिए बूथ के अंदर घुसे थे। एटीएम में 16 लाख से ज्यादा कैश था। ई-सर्विलांस सिस्टम से सूचना मिलते ही ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी अपने पति के साथ एटीएम बूथ पर पहुंची थीं। घटना मारवाड़ मूंडवा थाना क्षेत्र के नागौर रोड पर स्थित यूको बैंक के एटीएम की रविवार देर रात करीब 2 बजे की है। थाना प्रभारी पूरबाराम ने बताया- मूंडवा निवासी भरत प्रजापत और बिहार निवासी कोमल कुमार राजपूत को अरेस्ट किया है। भरत प्रजापत मूंडवा में ढाबा चलाता है, जबकि कोमल उसके यहां काम करता है। दोनों एक अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल लेकर आए थे। पुलिस ने मोटरसाइकिल मालिक को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस को रात 2 बजकर 13 मिनट पर सूचना मिली थी। देखें घटनाक्रम से संबंधित फोटोज.. एटीएम में रखा था 16 लाख कैश ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी ने बताया- सोमवार से बैंकों की तीन दिन की हड़ताल प्रस्तावित थी। ऐसे में बैंक के एटीएम में कैश डाला गया था। एटीएम में 16 लाख 900 रुपए थे। रात को 2 बजकर 4 मिनट पर बैंक के अजमेर रीजनल सुरक्षा अधिकारी गौतम नागर को ई-सर्विलांस से एटीएम में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। उन्होंने तुरंत मुझे जानकारी दी। मैं अपने परिवार के साथ बैंक के ऊपर बने क्वार्टर में ही रहती हूं। सूचना मिलते ही मैं पति के साथ एटीएम बूथ पर पहुंचीं। देखा तो शटर नीचे था और अंदर कुछ हलचल थी। बाहर से शटर लॉक कर पुलिस को बुलाया सारिका चौधरी ने कहा- मैंने तुरंत शटर को बाहर से लॉक किया और पुलिस को सूचना दी। 8 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंची।आरोपियों के पास गैस कटर, पेचकस जैसे उपकरण का बैग था और एटीएम को ऊपर से खोल रखा था। ब्रांच मैनेजर ने बताया- आरोपियों ने एटीएम का अपर कवर तोड़ दिया था। सीसीटीवी कैमरों पर ग्रीस लगाने के साथ कनेक्टिविटी वायर भी काट दिए, लेकिन वे कैश डोर नहीं काट पाए थे।