नागौर शहर के नकाश गेट क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार के खिलाफ बुधवार दोपहर लोगों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। ये प्रदर्शन नशे के कारोबार पर रोक लगाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर किया गया, जो कि करीब तीन घंटे तक चला। जिसके बाद पुलिस के आश्वासन पर धरना खत्म किया गया। कार्रवाई के बाद फिर शुरू कर देते हैं नशे का कारोबार लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से नशे का कारोबार चल रहा है। पुलिस कई बार कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करती है, लेकिन कुछ समय बाद आरोपी जमानत पर बाहर आ जाते हैं। इसके बाद वे फिर से उसी जगह नशे की बिक्री शुरू कर देते हैं। SP ऑफिस और महिला थाने से कुछ ही दूर है क्षेत्र नकाश गेट क्षेत्र एसपी कार्यालय से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर है। वहीं, जिस स्थान पर पुलिस कई बार नशे के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है, वह महिला पुलिस थाने से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद यहां लंबे समय से नशे का कारोबार चलाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। माहौल खराब होने से महिलाओं-बच्चों में डर नशे की खरीद-फरोख्त के लिए दिनभर असामाजिक तत्वों का आना-जाना लगा रहता है। इससे महिलाओं और बच्चों में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों ने पुलिस से मांग की कि केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रहे, बल्कि नशे का कारोबार दोबारा शुरू करने वालों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाए। आश्वासन के बाद धरना समाप्त धरने की सूचना पर कोतवाल नंदलाल रिणवा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की। पुलिस ने लोगों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना खत्म किया गया।