नागौर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आकला में जिला स्तरीय माध्यमिक/उच्च माध्यमिक 17 और 19 वर्षीय छात्र-छात्रा खो-खो प्रतियोगिता-2026 का बुधवार को आगाज हुआ। ये प्रतियोगिता शिक्षा विभाग के तत्वावधान में 23 से 26 सितंबर तक चलेगी। चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिलेभर की 86 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग में 86 टीमें प्रतियोगिता में 17 वर्ष छात्र वर्ग में 36 टीमें और छात्रा वर्ग में 24 टीमें भाग ले रही हैं। वहीं 19 वर्ष छात्र वर्ग में 11 टीमें और छात्रा वर्ग में 15 टीमें मैदान में उतरी हैं। चार दिनों तक अलग-अलग आयु वर्ग में खिलाड़ियों के बीच मुकाबले होंगे। पहले दिन दो मुकाबलों से हुई शुरुआत उद्घाटन मुकाबला 17 वर्ष छात्र वर्ग में टैगोर शिक्षण संस्थान करनूं और हनुवंत शिक्षण संस्थान भोमासर के बीच खेला गया। इसमें हनुवंत शिक्षण संस्थान भोमासर की टीम ने जीत दर्ज की। वहीं 17 वर्ष छात्रा वर्ग में सरस्वती बाल विद्या मंदिर पादूकलां और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पालड़ी जोधा के बीच मुकाबला हुआ। इसमें पालड़ी जोधा की टीम विजेता रही। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के आगामी दिनों में 17 और 19 वर्ष के छात्र-छात्रा वर्ग के मुकाबले जारी रहेंगे। प्रतियोगिता में जिलेभर से पहुंचे खिलाड़ी अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए मैदान पर दमखम दिखाएंगे। ये रहे मौजूद… प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नागौर अनोज कुमार भारद्वाज के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी रामप्रताप विश्नोई, खींवसर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मालाराम हुड्डा और अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शिवदान राम पंवार विशिष्ट अतिथि रहे।