नागौर के पादूकला थाना क्षेत्र के डोडियाना गांव में जमीनी विवाद के दौरान महिला की मौत के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर आरोपियों ने परिवादी और उसके परिवार के साथ मारपीट की। इसी दौरान कैंपर गाड़ी से टक्कर मारने का भी आरोप है। घटना में परिवादी की पत्नी प्रकाश देवी गंभीर घायल हो गई थीं, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। ग्वार की फसल काटने को लेकर विवाद हुआ पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को डोडियाना निवासी महावीर बावरी ने थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया कि खेत में खड़ी ग्वार की फसल को कुछ लोग काट रहे थे। उन्हें फसल काटने से रोकने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। कैंपर से टक्कर मारने का आरोप रिपोर्ट के अनुसार, विवाद के दौरान एक कैंपर गाड़ी मौके पर आई। आरोप है कि कैंपर से प्रकाश देवी को टक्कर मारी गई। इसके बाद उनके साथ लाठियों से भी मारपीट की गई। गंभीर चोट लगने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। खेतों की तरफ भागे आरोपी थानाधिकारी देवालाल विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और सूचना संकलन के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपी कैंपर गाड़ी लेकर खेतों की तरफ भाग गए थे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए खेतों से उन्हें डिटेन किया और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। छह आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने डोडियाना निवासी पप्पूराम पुत्र छन्नाराम, सीताराम पुत्र बक्साराम, हेमराज पुत्र छन्नाराम, छन्नाराम पुत्र धासी राम, मंजू पत्नी हेमराज और नाथी पत्नी पप्पूराम को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। घटना में इस्तेमाल वाहन सहित अन्य पहलुओं की जांच जारी है।