नगरीय निकाय चुनाव के लिए नागौर नगर परिषद में शनिवार को नामांकन प्रक्रिया का तीसरा दिन है। रविवार को अवकाश रहेगा। ऐसे में उम्मीदवारों के पास नामांकन दाखिल करने के लिए शनिवार और सोमवार यानी दो दिन ही शेष हैं। नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हुई थी। पहले दिन 60 वार्डों में से केवल एक वार्ड के लिए दो नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। शुक्रवार को रक्षाबंधन के कारण नामांकन नहीं लिए गए। दोपहर 2 बजे तक आए 56 नामांकन नागौर नगर परिषद के 60 वार्डों में से दोपहर 2 बजे तक 56 नामांकन आए है इस दौरान सभापति की दौड़ में शामिल उम्मीदवारों ने शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन स्थल तक पहुंचे। वार्ड के हिसाब से दो जगह जमा होंगे फॉर्म एसडीएम गोविंद सिंह भींचर ने बताया कि नागौर नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए दो अलग-अलग स्थानों पर नामांकन लिए जा रहे हैं। वार्ड 1 से 30 तक के उम्मीदवार एसडीएम कार्यालय और वार्ड 31 से 60 तक के उम्मीदवार तहसील कार्यालय में नामांकन दाखिल करेंगे। दोनों कार्यालयों में नामांकन प्रक्रिया को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार सुबह 10:30 बजे से ही उम्मीदवारों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंच रहे हैं। सभापति पद की दावेदारी रखने वाले दिखाएंगे ताकत नामांकन के तीसरे दिन नागौर में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। सभापति पद की दावेदारी रखने वाले कई उम्मीदवार समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचेंगे। इस दौरान समर्थकों की संख्या के जरिए दावेदार अपना शक्ति प्रदर्शन भी करेंगे। 30 वार्डों में 300 से ज्यादा नामांकन का अनुमान सोमवार को नामांकन की अंतिम तारीख के बाद चुनाव मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल राजनीतिक दलों में टिकट वितरण और दावेदारों के नामों को लेकर गतिविधियां जारी हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि केवल 30 वार्डों में ही 300 से ज्यादा नामांकन दाखिल हो सकते हैं। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होगी।