वाणिज्य कर विभाग की नागौर टीम ने टैक्स चोरी के खिलाफ गुरुवार को दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए जीरे और मूंगफली से भरे दो ट्रक जब्त किए। दोनों वाहनों की जांच में माल के परिवहन से संबंधित ई-वे बिल नहीं मिला। विभाग ने दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर दस्तावेजों और माल की जांच शुरू कर दी है। पढ़िए कार्रवाई कैसे हुई 15 टन जीरा पकड़ा पहली कार्रवाई नागौर-जोधपुर रोड पर टांकला टोल प्लाजा के पास की गई। टीम ने जीरे से भरा ट्रक रोका। जांच में ट्रक में करीब 15 टन जीरा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है। माल के साथ ई-वे बिल नहीं मिलने पर विभाग ने ट्रक को जब्त कर लिया। मूंगफली से भरा ट्रक; लाखों का माल बिना बिल दूसरी कार्रवाई नागौर-लाडनूं रोड पर हरिमा के पास हुई। यहां टीम ने मूंगफली से भरे ट्रक को रोककर दस्तावेजों की जांच की। 25 टन मूंगफली पकड़ी जिसकी अनुमानित लागत 25 लाख रुपए बताई जा रही है। जांच के दौरान आवश्यक ई-वे बिल नहीं मिला। इसके बाद विभाग ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया। जांच के बाद तय होगा टैक्स और जुर्माना दोनों कार्रवाई अतिरिक्त आयुक्त प्रशासन चंदन सिंह शेखावत के निर्देशन में की गई। टीम में सहायक आयुक्त गणपत, लिखमाराम, अतिरिक्त आयुक्त भगवत और अधिकारी मूलाराम शामिल रहे। विभाग की ओर से दोनों मामलों में माल और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार टैक्स और जुर्माने की राशि निर्धारित की जाएगी।