बारां के नाहरगढ़ कस्बे में डोल मेला मैदान के भूमि विवाद के कारण जलझूलनी एकादशी पर रखे गए 9 देव विमान 7वें दिन भी नहीं उठे। ये सभी विमान अभी भी मेला मैदान में ही रुके हुए हैं। सर्व समाज के लोग अतिक्रमण हटाने की मांग पर अड़े हैं। प्रशासन ने जमीन का सीमाज्ञान कराकर इसे ग्राम पंचायत को सौंप दिया है, लेकिन अतिक्रमण तुरंत नहीं हटाए जाने से सहमति नहीं बन पाई है। कस्बेवासी शांतिपूर्ण तरीके से मौके पर डटे हैं। वे देव विमानों के सामने अखंड रामायण पाठ और भजन-कीर्तन कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटने के बाद ही पाठ पूरा कर विमानों को मंदिरों में ले जाया जाएगा। सातवें दिन भी प्रशासन का कोई अधिकारी बातचीत के लिए नहीं पहुंचा। वहीं, 8 लोगों को पाबंद करने के नोटिस देने से लोगों में नाराजगी है। मौके पर सीआई विवेक हरसाना के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात है।