नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में अब पर्यटक प्लास्टिक की पानी की बोतल नहीं ले जा सकेंगे। वन विभाग ने यह व्यवस्था सिंगल यूज प्लास्टिक की खपत और पार्क में बोतलों के कचरे को कम करने के लिए शुरू की है। पर्यटकों को अब पार्क की टिकट विंडो के पास 500 एमएल पानी कांच की बोतल में ₹50 में मिलेगा। लौटते वक्त खाली बोतल वापस करने पर ₹40 रिफंड कर दिए जाएंगे। यानी पानी की कीमत 10 रुपए होगी। अगर कोई प्लास्टिक की पानी की बोतल का उपयोग करता है तो 1000 रुपए जुर्माना लगेगा। यह पहल 72वें वन्यजीव सप्ताह-2026 के तहत किया है। इसमें नीर अमृत फाउंडेशन सहयोग कर रहा है। फिलहाल व्यवस्था प्रायोगिक तौर पर लागू की गई है। सीसीएफ रामकरण खेरवा के अनुसार नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में रोज बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। इस्तेमाल के बाद फेंकी जाने वाली प्लास्टिक की बोतलें वन्यजीवों, पर्यावरण और पार्क की स्वच्छता के लिए चुनौती बन रही थीं। इसी कारण पुनः उपयोग की जा सकने वाली कांच की बोतलों का मॉडल अपनाया गया है। भविष्य में अन्य पर्यटन स्थलों तक भी बढ़ाया जा सकता है।