नाथद्वारा के बिजनोल गांव में बुधवार को ओवरलोड बजरी से भरे डंपर ने स्कूटी सवार दो छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में एक छात्रा के सिर में सिर में गहरी चोट आई हैं। फिलहाल दोनों का हॉस्पिटल में इलाज जारी है। हादसे के बाद डंपर ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही गौ रक्षक एवं समाजसेवी प्रवीण सिंह चूंडावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने गंभीर घायल छात्रा को संभाला और इलाज के लिए नाथद्वारा के गोवर्धन हॉस्पिटल पहुंचाया। यहां छात्रा का इलाज जारी है। हादसे के बाद बिजनोल के ग्रामीणों में अवैध और ओवरलोड बजरी परिवहन को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि आबादी वाले क्षेत्रों में ओवरलोड डंपर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे लोगों की जान को खतरा बना रहता है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है और मामले की जांच शुरू कर दी है।