राजसमंद के नाथद्वारा स्थित पुष्टिमार्गीय वल्लभ संप्रदाय की प्रधान पीठ श्रीनाथजी मंदिर में ध्वजा जी की अगासी(छत) तक जाने के लिए अब श्रद्धालुओं को आसानी होगी। रविवार को नवनिर्मित कलात्मक पुल का तिलकायत इंद्रदमन महाराज और गोस्वामी विशाल बावा ने विधि-विधान से पूजन कर शुभारंभ किया। पुल शुरू होने से वैष्णवों को श्री ध्वजा जी और श्री सुदर्शनजी के दर्शन तक आवाजाही में सुविधा मिल सकेगी। इस मौके पर बिजनेसमैन अनिल अंबानी और उनकी मां कोकिलाबेन भी अपनी दोनों बेटियां नीना कोठारी और दीप्ति सालगांवकर के साथ मौजूद रहीं। बता दें कि कोकिलाबेन अंबानी, श्रीनाथजी मंदिर मंडल की उपाध्यक्ष भी हैं। समारोह के दौरान मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं और विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा भी कीं। इस अवसर पर गोस्वामी विशाल बावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘स्वच्छ नाथद्वारा-हरित नाथद्वारा विजन 2030’ को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। शहर को स्वच्छ और हरित बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार करने और मौजूदा व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। मंदिर में दर्शनार्थी वैष्णवों की सुविधा के लिए संचालित गोल्फ कार्ट सेवा, कुंज गली, नवीन कलात्मक पुल और समाधान विभाग सहित नवाचारों की जानकारी ली गई। साथ ही विशिष्ट अतिथियों, बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर श्रीनाथजी मंदिर के मुख्य प्रशासक भारत भूषण व्यास, मंदिर मंडल के सीईओ जितेंद्र कुमार पांडे सहित मंदिर के अधिकारी, सेवा वाले और दर्शनार्थी उपस्थित रहे। ये खबर भी पढ़िए… कोकिलाबेन अंबानी ने नाथद्वारा में मनाया 92वां जन्मदिन:बिजनेसमैन मुकेश और अनिल अंबानी सहित पूरा परिवार रहा मौजूद; एकलिंगनाथ मंदिर में भी दर्शन किए नाथद्वारा के श्रीनाथजी की हवेली में बिजनेसमैन मुकेश और अनिल अंबानी की मां कोकिलाबेन ने 92वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर पूरा अंबानी परिवार मौजूद रहा। सभी ने श्रीनाथजी के दर्शन किए और युवाचार्य गोस्वामी विशाल बावा से आशीर्वाद लिया। पूरी खबर पढ़िए