नाथद्वारा में जिला स्तरीय 70वीं तैराकी प्रतियोगिता में श्रीजी नगरी की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान रचा है। गुरुकुल कंसेप्ट एजुकेशन स्कूल की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्कूल को लगातार दूसरी बार जनरल चैंपियनशिप का खिताब दिलाया। प्रतियोगिता में स्कूल के तैराकों ने एक से अधिक पदक अपने नाम किए। गोल्ड जीते नाथद्वारा की स्टार तैराक माद्री सिंह ने लगातार दूसरी बार तीन स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। माद्री ने 50, 100 और 200 मीटर फ्री-स्टाइल तैराकी स्पर्धा में गोल्ड हासिल किए। इससे पहले वह राज्य स्तर पर कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं। वहीं पोषिता माली ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 50, 100 और 200 मीटर बैक-स्ट्रोक स्पर्धा में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। छात्र भव्य राज जोशी ने 50 और 100 मीटर फ्री-स्टाइल में दो रजत पदक हासिल किए। माद्री और पोषिता के छह स्वर्ण पदकों तथा अन्य तैराकों के प्रदर्शन की बदौलत गुरुकुल कंसेप्ट एजुकेशन स्कूल ने जनरल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की। खास बात यह है कि नाथद्वारा में स्विमिंग पूल की सुविधा नहीं होने के बावजूद ये तैराक नियमित अभ्यास के लिए राजसमंद जाते हैं। खिलाड़ी सुबह 4 बजे उठकर और दोपहर 3 बजे नाथद्वारा से राजसमंद पहुंचकर घंटों अभ्यास करते हैं। रोजाना कई किलोमीटर का सफर और कड़ी मेहनत के बाद हासिल यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है।