मेवाड़ के प्रमुख धार्मिक तीर्थ स्थलों में शामिल ढेलाणा भैरूनाथ मंदिर में शारदीय नवरात्रि महोत्सव रविवार से शुरू होगा। मंदिर ट्रस्ट समिति के सचिव भैरूलाल कुमावत ने बताया कि घट स्थापना रविवार को शाम 5:15 बजे होगी। मंदिर परिसर में पांच दिवसीय मेला 16 से 20 अक्टूबर तक लगेगा। मेले में रात के कार्यक्रम भी होंगे। 16 अक्टूबर को करेड़ा गांव की गवरी का खेल होगा। 17 अक्टूबर को राजूराम राजस्थानी राजा चन्द मिलियागिरी के खेल की प्रस्तुति देंगे। 18 अक्टूबर को ढेलाणा गांव की गवरी का खेल होगा। 19 अक्टूबर को भजन संध्या और जागरण होगा। इसमें डीजे किंग राजू रावल एंड पार्टी, हंसा रगिली, कामेडी किंग रमेश कुमावत, अंकित बाबू भजन और नृत्य प्रस्तुतियां देंगे। ज्वारा विसर्जन और सरवर कार्यक्रम 20 अक्टूबर को नवमी पर दोपहर 3:15 बजे से होगा। ज्वारा विसर्जन चन्द्रभागा नदी के तट पर किया जाएगा। मेला प्रांगण में व्यापारियों को ट्रस्ट की ओर से नि:शुल्क प्लॉट दिए जाएंगे। इसके लिए मंदिर ट्रस्ट से स्वीकृति लेना जरूरी होगा।