उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में बुधवार की सुबह क्रिकेट जगत की कई हस्तियों ने दस्तक दी। भारतीय क्रिकेटर नीतीश राणा, युजवेंद्र चहल, राहुल तेवतिया, सुमित कुमार और अमित कुमार ने बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन किए।

खिलाड़ी तड़के सुबह करीब 4 बजे मंदिर परिसर पहुंचे। भस्म आरती के दौरान सभी खिलाड़ी नंदी हॉल में लगभग दो घंटे तक विराजमान रहे। इस दौरान सभी खिलाड़ी भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आए। दर्शनों के दौरान खिलाड़ियों ने हाथ जोड़कर भगवान शिव को नमन किया और मंत्र जाप करते रहे। आरती संपन्न होने के बाद उन्होंने मंदिर की देहरी से भगवान का आशीर्वाद लिया और पुजारियों के माध्यम से बाबा महाकाल को जल अर्पित किया।

मंदिर समिति ने इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों का सम्मान किया। अपनी यात्रा के दौरान नीतीश राणा ने कहा कि वे पहले भी कई बार बाबा महाकाल के दर्शन करने आ चुके हैं। उन्होंने अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि जब भी वे किसी मानसिक परेशानी या दबाव में होते हैं, तो वे बाबा के दरबार में शांति की तलाश में चले आते हैं।