नागौर | विकास के तमाम दावों के बीच बच्चाखाड़ा की बदहाली की तस्वीर सालों बाद भी जस की तस बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि यहां आज तक पक्की सड़क ही नहीं बन सकी, सीवरेज लाइन तो बहुत दूर की बात है। इसके चलते कच्चे रास्तों पर खुले में सीवरेज का पानी बहता रहता है, जिससे स्थानीय लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। अब जब नगर निकाय चुनाव करीब आ रहे हैं, तो उम्मीदवार फिर नए वादों के साथ जनता के बीच पहुंचेंगे। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या इस बार चुनाव के बाद बच्चाखाड़ा के लोगों को गंदगी से राहत मिलेगी या इस बार भी पक्की सड़क और सीवरेज का इंतजार अधूरा ही रहेगा।