नूंह जिले में तावडू सीआईए टीम ने रंगाला घाटी के पास एक क्रेटा कार से 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबाज पुत्र हाकमदीन निवासी नानुका, नूंह और सलीम पुत्र कमरुदीन निवासी खेड़ी, जिला खैरथल-तिजारा, राजस्थान के रूप में हुई है। आरोपियों ने भागते वक्त पुलिस वाहने में भी टक्कर मार दी। कार भगाते वक्त पुलिस वाहनों को मारी टक्कर नूंह एसपी डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि तावडू सीआईए प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम गश्त कर रही थी। तभी उन्हें सूचना मिली कि 2 नशा तस्कर काले रंग की क्रेटा कार में हेरोइन लेकर रंगाला घाटी के रास्ते नानुका की तरफ आने वाले थे। इस सूचना के आधार पर रंगाला घाटी के पास नाकाबंदी की गई। एसपी के अनुसार, जब संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की गई, तो ड्राइवर ने गाड़ी तेज भगाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस के सरकारी वाहनों को टक्कर भी लगी। इसके बाद कार को रोककर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन बरामद तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के पीछे छिपाकर रखे 40 पैकेट मिले। जांच में पता चला कि इनमें हेरोइन थी और इसका कुल वजन 2 किलो 125 ग्राम निकला। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर तावडू में एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। नेटवर्क की जांच कर रही पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि हेरोइन की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचानी थी। पुलिस के अनुसार, सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।