उदयपुर जिले की घासा पंचायत समिति के पलाना कलां गांव में पंचायत प्रशासन के खिलाफ सोमवार को उपसरपंच, वार्ड पंचों और ग्रामीणों ने पंचायत कार्यालय के बाहर धरना दिया और तालाबंदी कर दी। पंचायत की विभिन्न समस्याओं का समाधान नहीं होने तथा सार्वजनिक आबादी भूमि से अतिक्रमण हटाने के मामले में कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीण नाराज हैं। सूचना पर घासा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उपसरपंच पारस खटीक और वार्ड पंचों का आरोप है कि अतिक्रमण हटाने के संबंध में ग्राम पंचायत की ओर से पत्र तैयार कर कार्रवाई शुरू की गई थी, लेकिन प्रशासक के हस्ताक्षर नहीं होने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ पा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक आबादी भूमि पर कथित अतिक्रमण के मामले में शिकायतों और कार्रवाई के निर्देशों के बावजूद निर्माण जारी है। काफी समय से अतिक्रमण, नोटिस के बाद भी चल रहा निर्माण ग्रामीणों के अनुसार- हनुमान मंदिर के पास और उसके सामने सार्वजनिक आबादी भूमि पर अतिक्रमण का मामला लंबे समय से लंबित है। उनका कहना है कि विकास अधिकारी की ओर से कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। वहीं ग्राम पंचायत ने निर्माण रोकने का नोटिस भी जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। उप सरपंच पारस खटीक ने बताया- करीब 50 साल से कब्जा था। वर्ष 2021 में ग्रामीणों की शिकायत के बाद पंचायत स्तर पर कार्रवाई कर इसे अवैध अतिक्रमण बताते हुए हटाया गया था। उनका आरोप है कि अब उसी स्थान पर दोबारा कब्जा किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। दो साल से नहीं हुई ग्रामसभा ग्रामीणों ने आरोप लगाया- करीब दो साल से ग्रामसभा का आयोजन नहीं हुआ। इससे पंचायत के कामकाज, विकास योजनाओं और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर चर्चा का मंच नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने ग्रामसभा आयोजित कराने, सार्वजनिक आबादी भूमि से अतिक्रमण हटाने और अन्य लंबित मामलों का जल्द समाधान कराने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा- सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी, विकास अधिकारी और उपखंड अधिकारी स्तर पर कई बार शिकायतें करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते पंचायत कार्यालय पर तालाबंदी और धरना दिया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। पुलिस ने खुलवाया ताला इधर, तालाबंदी के दौरान घासा थाने से पहुंचे पुलिसकर्मी हीरालाल ने ग्रामीणों से समझाइश कर पंचायत कार्यालय का ताला खुलवा दिया, लेकिन धरना जारी है। मौके पर मावली तहसीलदार कांति चंद, घासा के नायब तहसीलदार नंदलाल जोशी और पंचायत समिति के बीडीओ हरीश सोनी आए। इस मामले में ग्रामीणों को समझाइश कराई जा रही है। इनपुट : लीलेश सुयल, पलाना कलां