पाली शहर के डिस्ट्रिक्ट क्लब में चल रही जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में एमएस कवाड़ के अभिज्ञान पंवार ने गोल्ड मेडल हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। इस जीत के साथ अभिज्ञान अब राज्य स्तर पर पाली का प्रतिनिधित्व करेंगे। अभिज्ञान के पिता और भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश मंत्री राकेश पंवार ने बताया कि अभिज्ञान को महज 5 साल की उम्र से ही बैडमिंटन खेलने का शौक है। पढ़ाई के साथ वह रेगुलर खेल के लिए समय निकालता रहा है। अच्छे कोच की गाइडेंस में ट्रेनिंग करते हुए उसके खेल में लगातार निखार आया। अभिज्ञान ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। उसकी उपलब्धि पर परिजनों ने माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर हौसला बढ़ाया। पिता का कहना है कि इस सफलता के बाद अभिज्ञान राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पाली का प्रतिनिधित्व करेगा।