पाली के जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में शुक्रवार शाम अधीक्षण अभियंता रिनेश सिंघवी और अधिशासी अभियंता शंकरलाल राठौड़ के बीच विवाद हो गया। मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों अधिकारियों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। देर रात दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वेतन रोकने के नोटिस पर हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 6 बजे बाद सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में जवाई बांध के सहायक सेईं बांध की टनल को लेकर बैठक हुई थी। इसी दौरान अधीक्षण अभियंता के कक्ष में रिनेश सिंघवी और शंकरलाल राठौड़ के बीच वेतन रोकने के नोटिस और विधानसभा में पूछे गए सवालों के जवाब को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई। घटना के बाद कार्यालय में मौजूद कर्मचारी सकते में आ गए। आरोप- बेटे के साथ आए राठौड़ ने थप्पड़ मारे अधीक्षण अभियंता रिनेश सिंघवी का आरोप है कि उन्होंने अधिशासी अभियंता शंकरलाल राठौड़ को शोकॉज नोटिस जारी किए थे। विधानसभा में पूछे गए सवालों के जवाब नहीं दिए जाने के कारण उनका वेतन रोकने के आदेश भी जारी किए गए थे। सिंघवी के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर राठौड़ अपने बेटे के साथ उनके कक्ष में पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने थप्पड़ भी मारे। बैठक में मौजूद कार्मिकों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद वे वहां से चले गए। अधिशासी अभियंता बोले- मेरे पेट में लात मारी अधिशासी अभियंता शंकरलाल राठौड़ का कहना है कि वे लूनी नदी का ब्लू प्रिंट तैयार कराने के संबंध में ब्यावर जिला कलेक्टर से मुलाकात करने गए थे। शाम को पाली लौटने पर उन्हें ई-मेल के जरिए वेतन रोकने का नोटिस मिला। नोटिस में विधानसभा के सवालों का जवाब नहीं देने की बात भी कही गई थी। राठौड़ के अनुसार, विधानसभा के सवाल का जवाब उनकी ओर से पहले ही दिया जा चुका था। इसी संबंध में बात करने के लिए वे कार्यालय पहुंचे थे। उनका आरोप है कि वहां अधीक्षण अभियंता ने उनके पेट में लात मारी। कार्यालय पहुंचने पर अपशब्द कहने का आरोप राठौड़ के मुताबिक, घटना के दौरान किसी ने उनकी पत्नी को फोन कर दिया। इसके बाद उनकी पत्नी बेटे के साथ कार्यालय पहुंचीं। राठौड़ का आरोप है कि उनकी पत्नी के साथ भी अधीक्षण अभियंता ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया। SHO बोले- दोनों पक्षों ने दी लिखित रिपोर्ट मामले में कोतवाली प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि देर रात दोनों पक्षों की ओर से लिखित रिपोर्ट दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।