अजमेर जिले के मांगलियावास थाना प्रभारी हरीश चौधरी को शुक्रवार देर रात सस्पेंड कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार- करीब 15 दिन पहले NDPS एक्ट के तहत अफीम के मामले में आरोपी को बचाने के बदले रुपए मांगने और अफीम को जब्त नहीं करने के आरोप में कार्रवाई की गई है। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने थाना प्रभारी को सस्पेंड किए जाने की पुष्टि की है। एसपी ने बताया कि मामले की विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। उन्होंने कार्य में लापरवाही का मामला बताया है। हालांकि लेन-देन और अफीम की जब्ती नहीं करने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आरोपी को बचाने के लिए रुपए मांगने का आरोप सूत्रों के अनुसार- करीब 15 दिन पहले NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई के दौरान लगभग 2 किलो अफीम पकड़े जाने का मामला सामने आया था। इस प्रकरण में आरोपी को बचाने के बदले रुपए मांगने और बरामद अफीम को नियमानुसार जब्त नहीं करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। सस्पेंड थाना प्रभारी पर आरोपी से रुपए लेने का भी आरोप है। सस्पेंडेड थाना प्रभारी बोले- ‘कब अफीम पकड़ी तारीख बताएं’ वहीं सस्पेंड हरीश चौधरी ने कहा कि अधिकारियों के आदेशों की पालना की जा रही है। जांच में तथ्य सामने आ जाएंगे। बता दें कि इससे पहले भी मांगलियावास थाना प्रभारी रहते हुए हरीश चौधरी लाइन हाजिर हो चुके हैं।