निकाय चुनाव की मतगणना से पहले कांग्रेस-भाजपा ने महापौर और उप महापौर की कुर्सी को लेकर अपने पार्षद प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर ली है। सेंधमारी और दल-बदल की आशंका के चलते प्रत्याशियों को बाहरी संपर्क से दूर रखा गया है। भाजपा अपने प्रत्याशियों को जोधपुर के एक रिसोर्ट ले गई है। वहीं कांग्रेस जयपुर की तरफ फॉर्म हाऊस पर प्रत्याशियों को ले गई है। जो अब मतगणना के दिन 14 सितंबर को ही वापस नजर आएंगे। बच्चों को साथ लेकर आई कांग्रेस की पार्षद प्रत्याशी पाली के कांग्रेस भवन से शनिवार सुबह मिनी बस से कई पार्षद प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर उन्हें जयपुर की और भेजा गया। कुछ देर बाद ही कुछ को बाद में दूसरी बस से भेजा गया। कांग्रेस के वार्ड संख्या 54 की प्रत्याशी गुड्डी अपने बेटी को साथ लेकर आई। बोली बेटी छोटी है अकेली नहीं रह सकती है। इसलिए साथ लाई हूं। दो साल के बेटे के साथ पहुंची महिला प्रत्याशी वार्ड 16 की प्रत्याशी पूरण कंवर पत्नी योगेश कुमार अपने दो साल के बेटे वेदांत को साथ लेकर आई। उन्हें भी कांग्रेस नेताओं ने कॉल कर बुलाया। नाम नहीं बताने की शर्त पर कुछ ने बताया कि दो-तीन दिन के कपड़े साथ लेकर जा रहे है अब मतगणना के दिन ही आएंगे। इस दौरान जिला अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निंबाडा, विधायक पाली भीमराज भाटी, कांग्रेस के चुनाव प्रभारी हेमसिंह शेखावत, कांग्रेस नेता महावीर सिंह राजपुरोहित, पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़ सहित कई जने मौजूद रहे। रात को 2 बसों से भाजपाई प्रत्याशी रवाना शुक्रवार देर रात को पाली से भाजपा प्रत्याशी को दो बसों से जोधपुर के एक रिसोर्ट ले जाया गया। कुछ पार्षद प्रत्याशी कार से भी निकले। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख सारी व्यवस्था देखते नजर आए। शनिवार को ज्यादातर प्रत्याशी रिसोर्ट में कमरे में आराम किया। बोले कि इतने दिनों की भाग दौड़ के बाद आज आराम मिला है। तो कुछ चाय-कॉपी की चुस्कियों के साथ चुनावी चर्चा और जीत के समीकरण को लेकर चर्चा करते रहे।