स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में शिक्षा विभाग बीकानेर की ओर से जोधपुर में 70वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता हुई। इसमें पाली की गर्ल्स टीम ने टीम इवेंट (डबल्स) में गोल्ड मेडल जीतकर चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती। प्रतियोगिता के व्यक्तिगत मुकाबलों में भी पाली की खिलाड़ियों ने रजत और कांस्य पदक हासिल किए। पाली गर्ल्स टीम में अभिलाषा गौड़, आराधना गौड़, धुन पारख, कीर्ति एवं निकिता (जाडन) ने भाग लिया। टीम ने बेहतरीन तकनीक, आपसी तालमेल एवं अनुशासन का परिचय देते हुए पहले राउंड में उदयपुर, दूसरे राउंड में टोंक और तीसरे राउंड में बीकानेर को पराजित किया। सेमीफाइनल में अजमेर को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में अभिलाषा गौड़ एवं आराधना गौड़ की जोड़ी ने सीधे डबल्स सेट मुकाबले में पिछले साल की विजेता टीम जयपुर को 2-1 से हराकर राज्य स्तरीय टीम इवेंट चैंपियनशिप ट्रॉफी पाली के नाम की। लॉन टेनिस के सिंगल्स मुकाबलों में भी अभिलाषा गौड़ ने रजत पदक और आराधना गौड़ ने कांस्य पदक जीता। इसके अलावा अगले महीने दिल्ली में हुई होने वाली राष्ट्रीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने के लिए अभिलाषा गौड़ एवं आराधना गौड़ का राष्ट्रीय कैंप के लिए चयन हुआ है। टीम को पदक दिलाने एवं खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में दल प्रभारी एवं कोच शारीरिक शिक्षक माणकचंद, मीनाक्षी लोहार, रितिका चौहान, लिपिका सरकार, पुष्पिता, हेमंत वैष्णव, मालेंद्र कुमार, सोहन पंवार, सुरेंद्र सिंह, अभिषेक, ओगड़चंद एवं पद्मावती गुर्जर का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। गर्ल्स टीम के शानदार प्रदर्शन पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पाली देवाराम प्रजापत, उप जिला शिक्षा अधिकारी (खेलकूद) बलवीर सिंह राणावत सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शारीरिक शिक्षकों, जिला खेल संघ के पदाधिकारियों एवं पाली टेनिस संघ के अध्यक्ष गौतम भंसाली और कोच सुरेंद्र पारख ने खिलाड़ियों को बधाई दी।