फलोदी नगरपरिषद के सभापति पद के लिए आज 5 उम्मीदवारों ने 7 नामांकन पत्र भरे। इनमें भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी मेघराज कल्ला, कांग्रेस के श्रीकांता व्यास और अशोक व्यास, पन्नालाल व्यास और जेपी जोशी शामिल हैं। मेघराज कल्ला और जेपी जोशी ने दो-दो नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। सबसे पहले श्रीकांता व्यास ने नामांकन भरा। श्रीकांता व्यास वार्ड नंबर 26 से पार्षद का चुनाव हार गई थीं। अशोक व्यास वार्ड नंबर 7 से कांग्रेस के पार्षद हैं। कांग्रेस के सिंबल में पहले नंबर पर श्रीकांता व्यास और दूसरे पर अशोक व्यास का नाम लिखा है। पूर्व सभापति पन्नालाल व्यास वार्ड नंबर 5 से निर्दलीय के तौर पर चुनाव हार गए थे। भाजपा ने मेघराज कल्ला को अपना अधिकृत उम्मीदवार बनाया है। उनके नाम का सिंबल भी दाखिल किया गया है। जेपी जोशी बागी उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। वे भाजपा की टिकट पर वार्ड नंबर 5 से जीते हैं। नगरपरिषद में कुल 40 पार्षद हैं। इनमें भाजपा के 20, कांग्रेस के 13 और 7 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। भाजपा सबसे ज्यादा वार्डों में जीतकर सबसे बड़ा दल है। नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर को होगी। 18 सितंबर को दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 21 सितंबर को मतदान होगा।