फलोदी नगरपरिषद चुनाव के लिए 27 अगस्त से नामांकन भरने का काम शुरू होगा। जिला निर्वाचन कार्यालय ने नामांकन संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी एसडीएम पूजा चौधरी ने बताया-कार्यालय परिसर में बैरिकेडिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। बैरिकेडिंग के अंदर केवल प्रत्याशी और उसके प्रस्तावक ही आ सकेंगे। नामांकन भरने का काम सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। 27 अगस्त से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया उन्होंने बताया- 27 अगस्त की सुबह लोक सूचना का प्रकाशन किया जाएगा और नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद नामांकन पत्र वितरण का काम शुरू होगा। इसके लिए एक खिड़की पर नामांकन पत्र वितरित किए जाएंगे। प्रत्याशी नामांकन पत्र लेकर बाद में उसे भरकर जमा करवा सकेगा। नामांकन पत्र 27 अगस्त से 31 अगस्त तक भरे जाएंगे, लेकिन बीच में 28 अगस्त को रक्षा बंधन का अवकाश और 30 अगस्त को रविवार होने के कारण अवकाश रहेगा। इस प्रकार प्रत्याशियों को नामांकन भरने के लिए केवल तीन दिन ही मिलेंगे। 150-150 मीटर की बैरिकेडिंग की चौधरी ने बताया कि कार्यालय परिसर के बाहर मुख्य सड़क पर भी दोनों ओर 150-150 मीटर पर बैरिकेडिंग की जाएगी। पार्टी उम्मीदवार अपने साथ एक प्रस्तावक और निर्दलीय उम्मीदवार पांच प्रस्तावक लेकर आएगा। प्रस्तावक उसी वार्ड से होने चाहिएं, जिस वार्ड से उम्मीदवार चुनाव लड़ रहा है। इसके अलावा सुरक्षा के भी पूरे उपाय किए जाएंगे। जल्द घोषित होंगे उम्मीदवार नगरपरिषद चुनाव के लिए 27 अगस्त से नामांकन पत्र भरने का काम शुरू हो जाएगा, लेकिन अभी तक किसी भी राजनीतिक दल ने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है, जिससे असमंजस की स्थिति बनी हुई है। भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति जाणी से जब इस संबंध में पूछा गया तो उनका कहना था कि वे बाद में फोन कर बताएंगी। ॉ इसी प्रकार कांग्रेस जिलाध्यक्ष सलीम नागौरी ने बताया कि उम्मीदवारों का चयन जयपुर में किया जाएगा, उसके बाद ही उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी। फलोदी शहर के 40 वार्डों के लिए इस बार दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों, कांग्रेस व भाजपा में टिकट मांगने वालों की लंबी कतार है।