नशा मुक्त भारत अभियान के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र वर्मा ने नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ परिवार एवं सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनानी चाहिए। मनोचिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका भारद्वाज ने विद्यार्थियों को नशे की लत के कारणों और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत गंभीर समस्या है, लेकिन समय पर उपचार, परामर्श और परिवार के सहयोग से इससे बाहर निकला जा सकता है। कार्यक्रम में डॉ. विनिता चौधरी, डॉ. दलजीत, डॉ. पंकज, डॉ. राजेश मीणा, डॉ. दिनेश यादव, डॉ. निकिता शर्मा, डॉ. विनोद सैनी और डॉ. गौरव भारद्वाज सहित चिकित्सक, विद्यार्थी एवं स्टाफ मौजूद रहे।