प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को टोंक रोड सांगानेर स्थित श्री पिंजरापोल गौशाला के वैदिक औषधीय पादप केन्द्र में अनूठा आयोजन हुआ। स्वयं सहायता समूह की करीब 100 महिलाओं ने गोबर, मिट्टी और औषधीय पौधों के बीजों से तैयार गणेश प्रतिमाओं को सजी थालियों में रखकर सिर पर धारण किया और गौमाता का पूजन किया। महिलाओं ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता और सह-संयोजक मोनिका गुप्ता सहित श्रद्धालुओं ने गोबर के दीपक जलाकर महाआरती की। इससे पहले काल भैरव की विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने गायों को चारा और गुड़ भी खिलाया। डॉ. अतुल गुप्ता ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य प्रधानमंत्री के मंगलमय जीवन के साथ देश की उन्नति और गौसंवर्धन का संदेश देना है। वहीं मोनिका गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। कार्यक्रम का समापन महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। 'बेरोजगार मुक्त भारत अभियान' शुरू वहीं, कोचिंग हब में हवन कर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया गया। ऑल कोचिंग इंस्टिट्यूट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अनीश कुमार नाडर ने बताया कि विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने के लिए 'बेरोजगार मुक्त भारत अभियान' शुरू किया जा रहा है। जल्द ही कोचिंग हब में विद्यार्थियों और बेरोजगार युवाओं के लिए काउंसलिंग और रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम संयोजक डॉ. आर.एस. चौधरी ने बताया कि विद्यार्थियों को विशेष रोजगार अभियान से जोड़ा जाएगा और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास होगा। महासचिव अजय अग्रवाल ने बताया कि कोचिंग हब में जल्द ही विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला घोषित की जाएगी। कार्यक्रम में डॉ. अरुण गुप्ता, हरिराम किवाड़ा, नरेंद्र फौजदार, रणवीर सिंह त्यागी, अशोक कुमार मंगल, जगरूप सिंह यादव, भगवान सहाय गोयल सहित सैकड़ों विद्यार्थी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। इधर, वार्ड 80 की पार्षद रेनू जितेंद्र चौधरी ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा में वापसी की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी का दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में विधायक गोपाल शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। रेनू चौधरी ने कहा कि अब वार्ड की जनता की सेवा, जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस तरह प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जयपुर में एक ओर गौ संरक्षण और पर्यावरण से जुड़ा अनूठा आयोजन हुआ। दूसरी ओर विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने की पहल सामने आई, जबकि राजनीतिक स्तर पर पार्षद की भाजपा में वापसी भी चर्चा में रही।