प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज सुबह 11 बजे केंद्रीय कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में मुख्य रूप से संसद के आगामी शीतकालीन सत्र की तैयारियों और वहां पेश किए जाने वाले विधेयकों (बिलों) की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। सत्र के दौरान सरकार किन योजनाओं और प्रस्तावों को मंजूरी देगी, इस पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
पिछली बैठक में हुआ था मंत्रियों के कामकाज का रिव्यू
कैबिनेट की यह बैठक इसलिए भी अहम है क्योंकि हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों के साथ लंबी चर्चा की थी। 18 नवंबर को भारत मंडपम में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक हुई थी, जो करीब साढ़े तीन घंटे तक चली थी। इस दौरान गृह और वित्त मंत्रालय सहित 11 मंत्रालयों और विभागों के सचिवों ने अपने कामकाज और योजनाओं का प्रेजेंटेशन दिया था।
गरीबी उन्मूलन और विकसित भारत पर फोकस
मंत्रिपरिषद की उस बैठक में सरकार की योजनाओं और गरीबी उन्मूलन के प्रयासों की सराहना की गई थी। बैठक में विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का विशेष रूप से उल्लेख किया गया, जिसके अनुसार 2011 से 2023 के बीच भारत में लगभग 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और अत्यधिक गरीबी की दर में 90 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
हालांकि, प्रधानमंत्री ने इस दौरान सावधानी बरतने की सलाह भी दी। उन्होंने चिंता जताई कि गरीबी से बाहर निकले लोग यदि अपने संसाधनों का सही प्रबंधन नहीं करते हैं, तो वे दोबारा गरीबी की चपेट में आ सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की संस्कृति 'खाओ-पियो और मौज करो' वाली नहीं है। बैठक में आगामी 'विकसित भारत' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी मंत्रालयों को मिलकर काम करने पर जोर दिया गया था।