प्रतापगढ़ में पीपलखूंट और सुहागपुरा पंचायत समितियों के 30 बाल प्रतिनिधियों ने पहली बार जिला मुख्यालय पहुंचकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद किया। गायत्री सेवा संस्थान और चाइल्ड राइट्स एंड यू (सीआरवाई) ने बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता के लिए ये आयोजन किया। एसपी विशाल जांगिड़ ने बच्चों से कहा कि गलत होने या डरने पर सीधे पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी दिया। एसपी ने बाल अधिकारों और बाल कल्याण पुलिस अधिकारी (सीडब्ल्यूपीओ) की भूमिका भी समझाई। बच्चों ने एडीएम विजेश पंड्या से सरकारी योजनाओं की जानकारी ली। बाल अधिकार विशेषज्ञ डॉ.शैलेन्द्र पंड्या ने बाल संसद की कार्यप्रणाली समझाई। वंदना मीणा, नारी मीणा, प्रिया यादव, परमेश्वर मीणा और सुमित अंजना ने अधिकारियों को पोस्टर भेंटकर गांवों की समस्याएं बताईं। जिला समन्वयक रामचन्द्र मेघवाल ने बताया कि ये जानकारी गांवों में बांटी जाएगी।