प्रतापगढ़ के देवगढ़ में महिला की हत्या के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को दिवाक माता के घने जंगल से पकड़ा। पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की सुबह आरोपी ने अपनी पत्नी के सिर पर लाठी से कई वार किए थे। गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी जंगल में जाकर छिप गया था। पुलिस के अनुसार, लोदिया तलाईफला निवासी मांगीया मीणा ने धरियावद मोर्च्युरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके भाई मेगला की बेटी दुर्गा की शादी थावरा मीणा निवासी मेंहदीखेड़ा फला, पुंजागांव से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से थावरा अपनी पत्नी दुर्गा को परेशान करता था। वह पत्नी पर शक करता था और कई बार लाठी, पत्थर तथा लात-मुक्कों से मारपीट करता था। घर पर काम कर रही थी दुर्गा, पति ने लाठी से किए वार पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर की सुबह दुर्गा घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान थावरा लाठी लेकर घर पहुंचा और उसके सिर पर लगातार कई वार किए। हमले में दुर्गा गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। रिपोर्ट के आधार पर देवगढ़ थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। जंगलों में कई टीमों ने चलाया तलाशी अभियान घटना के बाद आरोपी के फरार होने पर पुलिस ने उसकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। धरियावद, पारसोला, पंडावा, दिवाक माता, कोतवाल, पुंजागांव और मेंहदीखेड़ा क्षेत्र के जंगलों में पुलिस टीमों ने तलाश की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने संदिग्ध स्थानों पर मुखबिरों को सक्रिय किया। साथ ही साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपी की लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया गया। दिवाक माता के जंगल में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को सूचना मिली कि आरोपी दिवाक माता के घने जंगल में छिपा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने जंगल की घेराबंदी कर तलाश शुरू की। पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।